सोजत। प्रचंड गर्मी और 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान के बीच मेहंदी नगरी सोजत के नागरिकों का जज्बा काबिले-तारीफ है। ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन 7000 से 10000 लोग सोजत पहुंच रहे हैं, ऐसे में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए शहर में जगह-जगह छाया व शीतल जल की व्यवस्था की गई है।
समाजसेवी संगठन निभा रहे जिम्मेदारी-
टेंट किराया व्यवसाय संघ के सोजत तहसील चेयरमैन मुकेश टांक व तहसील अध्यक्ष प्रकाशचंद गेहलोत के नेतृत्व में अस्पताल, बस स्टैंड और काका चौराहा जैसे प्रमुख स्थलों पर छाया के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। वहीं, सोजत महोत्सव समिति के संयोजक अनोपसिंह लखावत, पुष्पत राज मुणोत, चेतन व्यास द्वारा कोविड काल के बाद से हर वर्ष गर्मियों में पशु-पक्षियों व ग्रामीणों के लिए पेयजल व विश्राम की व्यवस्था हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान को साकार करने में सोजत सेवा मंडल, अभिनव कला मंच, वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, भारत विकास परिषद्, रोशनी फाउंडेशन, शिक्षा विभाग, एक पहल आपकी सेवा, मानव सेवा समिति सहित विभिन्न समाजों और व्यापार संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही है।
प्रशासन की एडवाइजरी व स्वास्थ्य सुविधाएं-
गर्मी से बचाव को लेकर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। प्रमुख चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश गुप्ता ने जनता से अपील की है कि धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, सिर को ढंककर रखें, ठंडक का चश्मा पहनें और अधिक से अधिक शुद्ध पानी, फल, ज्यूस और नींबू पानी का सेवन करें। उन्होंने बाजार की खुली व तली हुई चीजों से बचने की सलाह भी दी है। अस्पताल में हीट स्ट्रोक पीड़ितों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है।
राहत कार्यों में जुटे हैं कई समाजसेवी-
वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, हितेंद्र व्यास, सत्य नारायण गोयल, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोहिल, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधन लाल गहलोत, सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, जवरीलाल बौराणा, भारत विकास परिषद् अध्यक्ष देवीलाल सांखला, प्रकाश सोनी, धनपत प्रजापत, माली सैनी समाज जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, रोशनी फाउंडेशन के अशोक बारहठ, वीर बहादुर सिंगाड़िया, ड़ा रशीद गोरी, अजय जोशी और अकरम खान जैसे अनेक लोग इस पुनीत कार्य में दिन-रात जुटे हुए हैं।
इन सभी प्रयासों ने यह साबित कर दिया है कि सोजत की जनता न सिर्फ सामाजिक जिम्मेदारी को समझती है, बल्कि संकट की घड़ी में एकजुट होकर उसे निभाने का साहस भी रखती है।