अहमदाबाद: मंगलवार को हुए भीषण विमान हादसे में बांसवाड़ा का एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए खत्म हो गया। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब पांच सदस्यों वाला यह परिवार लंदन जा रहा था। हादसे में डॉ. प्रतीक जोशी, उनकी पत्नी डॉ. कामिनी जोशी और उनके तीन मासूम बच्चों – मिराया, नकुल और प्रद्यूत – सभी की दुखद मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रतीक जोशी वर्ष 2016 में लंदन शिफ्ट हो गए थे, जबकि उनकी पत्नी डॉ. कामिनी जोशी उदयपुर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थीं। एक माह पूर्व ही डॉ. कामिनी ने अपने पद से इस्तीफा देकर लंदन पति के पास स्थायी रूप से जाने का निर्णय लिया था। यह परिवार पूरे उत्साह और आशाओं के साथ नई जिंदगी शुरू करने लंदन रवाना हो रहा था, लेकिन यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा साबित हुई।
बच्चों में बेटी मिराया और जुड़वां बेटे नकुल व प्रद्यूत शामिल थे। हादसे की खबर मिलते ही बांसवाड़ा और उदयपुर में शोक की लहर दौड़ गई। जोशी परिवार के जानने वालों, मेडिकल कॉलेज के स्टाफ और स्थानीय लोगों में गहरा दुःख और स्तब्धता है। लोग इस अपूरणीय क्षति को लेकर बेहद भावुक हैं।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है, जबकि जोशी परिवार के रिश्तेदारों की लंदन से भारत आने की प्रक्रिया जारी है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
RJ22 न्यूज सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।