पाली। शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र के पुराना हाउसिंग बोर्ड इलाके में रविवार सुबह एक 32 वर्षीय विवाहिता से उसके ही रिश्तेदारों ने घर में घुसकर मारपीट की। घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसके सिर पर पांच टांके लगाए हैं।
घायल महिला गुड्डी (32) पत्नी सुनील वाल्मीकि ने बताया कि वह अपने घर में काम कर रही थी, तभी उसकी मां और अन्य रिश्तेदारों ने घर में घुसकर अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
इस घटना को लेकर पीड़िता के पति सुनील वाल्मीकि ने बताया कि कुछ समय से उसकी अपनी सास से बोलचाल बंद है। हाल ही में खर्चे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रविवार को दोपहर में उसकी सास और अन्य रिश्तेदार उनके घर पहुंचे और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया।
फिलहाल घायल महिला का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।