सोजत। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोजत क्षेत्र के ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के वरिष्ठजनों और संगठनों ने कश्यप की तीखी आलोचना करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
पूर्व काबीना मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा से सभ्यता, ज्ञान और मर्यादा का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि इस समाज में वशिष्ठ मुनि, भगवान परशुराम, चाणक्य, लोकमान्य तिलक, बाजीराव, गोपाल कृष्ण गोखले और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे महापुरुष हुए हैं, जिनका सम्मान पूरे राष्ट्र में होता है। ऐसे समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती।
गौरतलब है कि हाल ही में अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के बाद देश भर में विरोध की लहर फैल गई है। वृंदावन में ब्राह्मण महासभा द्वारा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है, साथ ही अन्य स्थानों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विश्व हिंदू परिषद ने भी इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।
उत्तर प्रदेश से केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। वहीं प्रख्यात लेखक-गीतकार मनोज मुंतशिर ने कश्यप को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि आमदनी कम हो तो खर्चों पर, और जानकारी कम हो तो शब्दों पर नियंत्रण रखना चाहिए।
अखिल भारतीय पुष्कर कमेटी के अध्यक्ष विधु शेखर दवे ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ कार्य करता आया है। वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा ने आरोप लगाया कि कश्यप ने पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर समाज पर टिप्पणी की है।
गुरु फूलनारायण आश्रम न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि यह सस्ती लोकप्रियता और पब्लिसिटी पाने का प्रयास है। उपाध्यक्ष ललित शर्मा ने इसे वामपंथी मानसिकता का परिणाम बताते हुए अनुराग कश्यप से माफी की मांग की।
इस विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज के रमेश व्यास, हितेंद्र व्यास, हरिनारायण पाराशर, चेतन व्यास, कैलाश दवे, मुकेश ओझा, ओम प्रकाश ओझा, प्रफुल्ल ओझा, नवीन जोशी, अजय जोशी, राजेंद्र शर्मा, सुरेंद्र व्यास, अशोक शर्मा, अनिल ओझा, राजेंद्र जोशी, धीरेन्द्र व्यास, जितेन्द्र व्यास, दिलीप व्यास, उमा शंकर द्विवेदी, गोपाल दवे, अमृत पाराशर, पंडित वीरेंद्र दवे, चंद्रशेखर व्यास, हिमांशु व्यास, गजेन्द्र दवे, जुगल किशोर दवे, सचिन दवे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कड़ी भर्त्सना करते हुए अनुराग कश्यप से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
ब्राह्मण समाज ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अपमानजनक टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि माफी नहीं मांगी गई तो राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा।