सोजत। कबीर पंथ के आचार्य पंथ हजूर अर्धनाम साहेब ने कहा कि सत्संग, सुमिरन और सद्गुरु की कृपा से ही मनुष्य का जीवन सफल बनता है। सत्संग से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से ईश्वर भक्ति की प्रेरणा मिलती है।
इससे पूर्व आचार्य हजूर अर्धनाम साहेब का बधावणा किया गया, इस मौके महिलाओं ने सामूहिक नृत्य कर गुरु भक्ति का प्रदर्शन किया l
आचार्य हजूर अर्धनाम साहेब गुरुवार को नगर के जैतारणिया गेट के निकट स्थित कबीर आश्रम में आयोजित त्रिदिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह एवं सात्विक महायज्ञ एकोतरी चौका आरती समारोह में उपस्थित श्रद्धालु भाई-बहनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानव जीवन को सही दिशा देने के लिए सत्संग अत्यंत आवश्यक है। सद्गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति मोह-माया से दूर होकर सत्य और मानवता के मार्ग पर चल सकता है।
समारोह में देशभर से संत-महंत और हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष कालूदास ने बताया कि सद्गुरु कबीर प्राकट्य लहरतारा धाम काशी से भी संत, महंत एवं भक्तगण समारोह में भाग लेने सोजत पहुंचे हैं। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्ति, भजन और सत्संग का वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन एवं भंडारे सहित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया गया है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में श्री राम कछवाहा, कालूराम परिहार, पुखराज सांखला, चंपालाल सांखला, ओमप्रकाश सांखला, उत्तम सांखला, रामलाल, डॉ. महेंद्र सांखला, कानाराम सांखला, जगदीश टॉक, शेरू भाई, पाबूदास साहेब, धर्मीचंद एवं मांगीलाल परिहार सहित कई श्रद्धालु सेवाभाव से जुटे हुए हैं।
यह त्रिदिवसीय आयोजन आगामी 30 मई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन सत्संग, गुरु महिमा, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं महायज्ञ के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए जाएंगे। आयोजन को लेकर सोजत सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।


