पाली, 24 मई। मुस्लिम समाज के आगामी पवित्र पर्व ईदुल अजहा (बकरीद) को लेकर पाली शहर में हर वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक बकरा मंडी का आगाज हो चुका है। यह मंडी आज, 24 मई (रविवार) से शुरू होकर 27 मई (बुधवार) तक चलेगी।
कुरैशी युवा समाज समिति के सदर असगर कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि ईद के त्योहार को देखते हुए इस वर्ष भी बकरा मंडी का आयोजन कुरैशी चौक रांगनियां मोहल्ला (व्यापारियों का बास) और हैदर कॉलोनी में किया जा रहा है।
सर्वधर्म सौहार्द की मिसाल बनती है मंडी
असगर कुरैशी ने बताया कि रांगनियां मोहल्ले में लगने वाली यह बकरा मंडी सालों पुरानी और बेहद खास है। इस मंडी की विशेषता यह है कि यहाँ सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि राजस्थान के अलग-अलग जिलों से हर जाति और धर्म के पशुपालक व व्यापारी अपने बेहतरीन बकरे बेचने और खरीदने आते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस बाजार में करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है, जिसे लेकर स्थानीय व्यापारियों और कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

