in

पाली में दर्दनाक सड़क हादसा: ओवरटेक करती स्लीपर बस ने बाइक सवार महिला को कुचला, इलाज के दौरान मौत

पाली । जिले के रोहट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जोधपुर जा रहे एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार स्लीपर बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और सड़क पर गिरी महिला के ऊपर से बस गुजार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना का विवरण
मोहम्मद हुसैन पुत्र अब्दुल सलीम (निवासी केरिया दरवाजा, घोसीवाड़ा, पाली) ने रोहट थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि वह और उसकी बहन सोफिया बानो आज सुबह करीब 8:40 बजे अपनी मोटरसाइकिल (RJ-22-BB-2530) से जोधपुर के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ दूसरे वाहन पर उनके बहनोई हाजी मोहम्मद भी साथ चल रहे थे।
सुबह करीब 9:30 बजे जब वे दिलीप के ढाबे के आगे एक भंडारे के पास सही दिशा और धीमी गति में चल रहे थे, तभी पीछे से आ रही स्लीपर बस (संख्या AR-11-C-2929, जिस पर नीले रंग से BISHNOI’ लिखा हुआ है) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से आगे चल रहे वाहनों को ओवरटेक करने की कोशिश की। बस ने पीछे से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
दर्दनाक मौत
टक्कर लगने से प्रार्थी मोहम्मद हुसैन सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा, जबकि उसकी बहन सोफिया बानो सड़क पर गिर गई। आरोप है कि बस चालक ने बिना गति कम किए या बस रोके, सोफिया बानो के शरीर के ऊपर से बस को गुजार दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर भारी मात्रा में खून बह गया।
घटना के तुरंत बाद टोल प्लाजा की एम्बुलेंस की मदद से घायल सोफिया बानो को पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले से संबंधित रिपोर्ट प्रार्थी मोहम्मद हुसैन की ओर जरिए अधिवक्ता कल्बे मोहम्मद व सद्दाम काजी द्वारा पुलिस के समक्ष उपस्थित रहकर दी गई । पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत में मतगणना का बेसब्री से इंतजार, नतीजों से पहले चेयरमैन पद को लेकर सियासी गुणा-भाग शुरू।