पाली (राजस्थान)। शहर के बांगड़ अस्पताल में मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) को एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राम रहीम कॉलोनी निवासी मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के भाई मोहम्मद इंसाफ ने कोतवाली पुलिस थाना, पाली में लिखित रिपोर्ट देकर हत्या की साजिश का अंदेशा जताया है और मामले की निष्पक्ष जांच व मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहम्मद इंसाफ को मंगलवार शाम करीब 4:12 बजे दुर्गा कॉलोनी निवासी रणवीर सिंह राजपुरोहित का फोन आया, जिसने असलम की तबीयत खराब होने और उसे बांगड़ अस्पताल लाए जाने की सूचना दी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो असलम मृत अवस्था में मिला।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि संतोष उर्फ सानू और गौरी शर्मा नामक दो लोग असलम को मृत अवस्था में अस्पताल छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। वहीं मौके पर मौजूद निखिल भाटी नाम के युवक ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे जब वह सेन्चूरियन गार्डन के पास स्थित एक बिल्डिंग के फ्लैट में पानी का कैंपर देने गया था, तब वहां असलम और संतोष उर्फ सानू मौजूद थे। निखिल ने असलम का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी परिजनों को सौंपा, जो उसे भागने से पहले संतोष ने दिया था।
मृतक के भाई ने संतोष उर्फ सानू, गौरी शर्मा, रणवीर सिंह राजपुरोहित और निखिल भाटी पर साजिश के तहत हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को मोर्चरी में रखवाकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

