कांचीपुरम (तमिलनाडु): तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले स्थित पेरूनगर हाईवे पर एक बेहद हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर (ट्रक) की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि महिला ने अपने पति की आंखों के सामने ही घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान लीला देवी के रूप में हुई है, जो खेताराम चौधरी (पुत्र लालाराम चौधरी) की पत्नी थीं। यह परिवार मूल रूप से ‘धाकड़ी’ गांव पाली राजस्थान का निवासी है और वर्तमान में तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के पेरूनगर में निवास कर रहा था।

कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात लगभग 8 बजे खेताराम चौधरी अपनी पत्नी लीला और परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। पेरूनगर हाईवे से गुजरते समय अचानक लीला का संतुलन बिगड़ा और वह बाइक से सड़क पर नीचे गिर गईं।
इससे पहले कि वह संभल पातीं या उनके पति उन्हें उठा पाते, पीछे से आ रहे एक भारी ट्रेलर (ट्रक) ने लीला को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में लीला देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही अपने पति के सामने प्राण त्याग दिए।
आंखों के सामने जीवनसाथी की इस तरह अचानक मौत से खेताराम चौधरी और उनके परिवार गहरे सदमे में हैं। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही मूल गांव धाकड़ी और पेरूनगर में रहने वाले परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

