पाली (राजस्थान)। पाली जिले की रोहट तहसील स्थित ऐतिहासिक गांव चोटिला में हजरत शहीद पीर दुल्लेशाह बाबा के सालाना उर्स एवं मेले का भव्य शुभारंभ हो गया है। 9 से 11 नवंबर 2026 तक आयोजित हो रहे इस तीन दिवसीय मेले में पश्चिमी राजस्थान समेत विभिन्न जिलों से लाखों जायरीन चोटिला पहुंच रहे हैं। चोटिला दरगाह कमेटी के सदर अमजद अली रंगरेज के नेतृत्व में यह मेला भाईचारे और आस्था का अनूठा प्रतीक बना हुआ है।

तीन दिनों के मुख्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
9 नवंबर 2026 (सोमवार): मेले के पहले दिन महफिले मीलाद एवं खुसूसी खिताब” का आयोजन होगा। इसमें नागौर शरीफ से सूफी ए बा सफा, खतीबे जीशान हजरते अल्लामा अल्हाज उबैदुल्लाह साहब हैदरी नक्शबन्दी और पाली मुस्लिम मुसाफिर खाना के इमाम हजरत मौलाना अब्दुल सत्तार साहब कादरी का विशेष बयान (खिताब) होगा। साथ ही ‘बुलबुले राजस्थान’ अल्हाज कारी मो. शरीफ रजा साहब रिज्ची, मो. फिरोज साहब हशमती, मो. फिरोज साहब अशरफी और मो. तौफीक साहब नात शरीफ पेश करेंगे।
10 नवंबर 2026 (मंगलवार): दूसरे दिन बाद नमाजे इशा शानदार कव्वाली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जोधपुर के पगड़ी बन्ध कव्वाल तौफीक रिजवान रोशन और इंटरनेशनल कव्वाल हमसर हयात निजामी एक से बढ़कर एक कव्वालियां प्रस्तुत करेंगे।
11 नवंबर 2026 (बुधवार): तीन दिवसीय इस ऐतिहासिक मेले का रस्मे कुल की रस्म के साथ विधिवत समापन होगा।
विधायक रविन्द्र सिंह भाटी और भीमराज भाटी होंगे मुख्य अतिथि
मेले के प्रवक्ता जीशान अली रंगरेज ने बताया कि इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बाड़मेर के शिव से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी तथा विधायक भीमराज भाटी शिरकत करेंगे। इनके अलावा मंगलाराम चौधरी बाड़सा, पार्षद शाहिद पिन्नु, पार्षद आसिफ भाटी, वक्फ बोर्ड जिला अध्यक्ष सलीम MD समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
सुगम यातायात और पुख्ता व्यवस्थाएं
मेला संयोजक नूर अली रंगरेज के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए केरला क्रॉसिंग से चोटिला क्रॉसिंग तक की सड़क को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे सुगम यातायात रहेगा। दरगाह कमेटी द्वारा पेयजल, बिजली, चिकित्सा शिविर, मोबाइल टॉयलेट, दुकानें, झूले और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
नागौर, जोधपुर, पाली, सिरोही और जालोर से आने वाले लाखों श्रद्धालु अपनी-अपनी कॉलोनियां बनाकर यहाँ ठहरते हैं। आयोजन में केशियर बाली हाजी साहब, तारिक अली चूड़ीगर, उमर A B खान चढ़वा, रफीक अब्बासी, जाहिद गौरी, हाजी अनवर सुहाना, अनवर भाई सोजत और आबिद चढ़वा सहित पूरी कमेटी जुटी हुई है।


