in

अजमेर दरगाह में हड़कंप: ‘बड़ी देग’ में कूदकर चढावे के पैसे बटोरने लगा युवक- पुलिस जुटी जांच मे।

अजमेर। विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती दरगाह में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात युवक अचानक परिसर में स्थित ऐतिहासिक ‘बड़ी देग’ में कूद गया। इस चौंकाने वाली घटना ने न सिर्फ जायरीन को स्तब्ध कर दिया, बल्कि दरगाह की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देग में कूदते ही युवक वहां चढ़ावे के रूप में मौजूद नकदी को दोनों हाथों से बटोरने लगा। तभी पास खड़े एक खादिम ने तत्परता दिखाते हुए देग में छलांग लगाई और युवक को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसका पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

मारपीट का दृश्य देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ समय बाद वहां मौजूद अन्य लोगों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। युवक को देग से बाहर निकालकर पकड़ लिया गया और बाद में दरगाह थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस फिलहाल युवक की पहचान और उसके इस कदम के पीछे के कारणों की जांच में जुटी है।

गौरतलब है कि दरगाह परिसर में दो देग मौजूद हैं—छोटी और बड़ी। छोटी देग में प्रतिदिन चावल पकाकर जायरीन में वितरित किए जाते हैं, जबकि बड़ी देग में श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर नगद राशि, ज्वेलरी और खाद्य सामग्री चढ़ाते हैं। इसी बड़ी देग में कूदकर युवक ने सनसनी फैला दी।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत मे राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ आयोजन।