सोजत। तजाकिस्तान में भारतीय फिल्मी सितारों का खासा प्रभाव है और वहां के लोगों के बीच भारतीय संस्कृति तथा बॉलीवुड को लेकर विशेष आकर्षण देखने को मिलता है। यह जानकारी तजाकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे सोजत निवासी युवा लक्षित व्यास ने साझा की।
सोजत के धर्मेंद्र व्यास के पुत्र लक्षित व्यास सितंबर 2024 से तजाकिस्तान में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन दिनों वे अवकाश पर अपने गृह नगर सोजत आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि तजाकिस्तान के लोगों के बीच भारतीय अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और शाहरुख खान विशेष रूप से लोकप्रिय हैं तथा उनकी फिल्मों को वहां काफी पसंद किया जाता है।
लक्षित ने बताया कि तजाकिस्तान कभी रूस का हिस्सा हुआ करता था और वर्तमान में वहां लगभग 300 राजस्थानी विद्यार्थी विभिन्न मेडिकल संस्थानों में अध्ययनरत हैं। उनके अनुसार वहां की जनसंख्या अपेक्षाकृत कम होने के कारण सरकार नागरिकों के जीवन स्तर पर विशेष ध्यान देती है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हैं तथा प्राकृतिक संसाधनों की भी कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि तजाकिस्तान में पानी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है और उसकी गुणवत्ता मिनरल वाटर के समान है। बिजली की पर्याप्त उपलब्धता के साथ प्रति व्यक्ति आय भी अच्छी है। भारतीय भोजन और विभिन्न प्रकार के प्राकृतिक फल भी वहां आसानी से मिल जाते हैं, जिससे भारतीय विद्यार्थियों को किसी प्रकार की विशेष परेशानी नहीं होती।
मेडिकल शिक्षा के संबंध में लक्षित व्यास का कहना है कि भारत में चिकित्सा शिक्षा का स्तर अत्यंत उत्कृष्ट है। भारतीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर देश में ही मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए और यदि यहां अवसर नहीं मिले तो विदेश में अध्ययन के विकल्प तलाशने चाहिए।
लक्षित ने बताया कि वे नियमित रूप से सुबह और शाम दो-दो घंटे अध्ययन करते हैं तथा योग को अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाए हुए हैं। अपने देश और जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य मेडिकल डिग्री प्राप्त करने के बाद भारत लौटकर लोगों की सेवा करना है। उनके इस संकल्प की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।


