सोजत। शहंशाह-ए-सोजत हजरत नूरशाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स मुबारक हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार, 18 नवंबर 2026 को अकीदत और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उर्स को लेकर दरगाह परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर हिन्दुस्तान के मशहूर कव्वाल जुबैर नईम अपनी सूफियाना कव्वालियों और कलाम से महफिल को रूहानी रंग में सजाएंगे।
दरगाह कमेटी सदर मोहम्मद साकिर राजा ने बताया कि उर्स के अवसर पर बुधवार को दोपहर 3 बजे पीर साहब की पोल से पैदल यात्रियों द्वारा अजमेर शरीफ से लाई गई मखमली चादर का जुलूस रवाना होगा। पैदल जायरीन के साथ निकलने वाला यह जुलूस शहर के मुख्य बाजार से होते हुए शाम को दरगाह हजरत नूरशाह बाबा पहुंचेगा। यहां पूरी अकीदत और एहतराम के साथ चादरपोशी एवं गुलपोशी की रस्म अदा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उर्स की रात्रि 10 बजे से भव्य कव्वाली कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश के मशहूर कव्वाल जुबैर नईम अपनी एक से बढ़कर एक सूफियाना कव्वालियां और कलाम पेश करेंगे। उनकी प्रस्तुति से उर्स की महफिल में सूफियाना परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी।
उर्स आयोजन को सफल बनाने के लिए दरगाह कमेटी सदर मोहम्मद साकिर राजा, सैयद मोहसीन अली, अकबर पठान सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। उर्स को लेकर जायरीन और अकीदतमंदों में उत्साह का माहौल है।


