निरमा देवी ने प्रथम, चिराग बोराणा ने द्वितीय तथा मनीषा भाटी व कुमकुम प्रजापत ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया तृतीय स्थान…
सोजत। स्थानीय विजय आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में युवा विरासत महोत्सव के तहत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर राजस्थान युवा कांग्रेस की ओर से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यूथ सोजत विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं लेखन कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा नवमी की निरमा देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा सातवीं के चिराग बोराणा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि कक्षा नवमी की मनीषा भाटी एवं कक्षा आठवीं की कुमकुम प्रजापत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था संरक्षक सत्तूसिंह भाटी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, महापुरुषों के विचारों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विद्यालय व्यवस्थापक दिनेश सोलंकी ने कहा कि युवा विरासत महोत्सव का उद्देश्य बच्चों को अपनी विरासत, संस्कृति और महापुरुषों के जीवन से जोड़ना है। पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान एवं लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए किताबी ज्ञान के साथ उन्हें महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को भी आत्मसात करना चाहिए। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी संस्कारवान, आत्मविश्वासी एवं देशभक्त नागरिक बनें।
कार्यक्रम में गजेन्द्र सिंह माफावत, दुर्गेश व्यास, शाहबाज खान, आशा माली, सुनील पवार, प्रियंका, पिंटू देवी, पायल, कौशल्या देवी, मोहम्मद नासिर अंसारी, नवीन सोलंकी सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सरस संचालन शाहबाज खान ने किया।

