धाकड़ी (पाली/शिवपुरा)। ग्राम पंचायत धाकड़ी में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज 22 नवंबर की तड़के सुबह करीब 2:19 बजे जैन मोहल्ले में हथियारबंद तीन चोरों ने एक साथ पांच बंद मकानों को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चादर ओढ़े और हथियार लिए तीन चोर मंदिर की गली तथा जैन मंदिर के सामने स्थित मकानों में घुसे। चोरों ने महेन्द्र पुत्र चंपालाल जैन, सुनील कुमार पुत्र रतनलाल शर्मा, कपूरचंद पुत्र धनराज जैन, उत्तम चंद पुत्र हेमराज जैन और तेजराज पुत्र घेवरचंद जैन के सूने मकानों के ताले तोड़े। वारदात के बाद चोर कुछ ही समय में स्कूल वाली गली से होते हुए भाग निकले।
बताया जा रहा है कि इनमें से उत्तम चंद जैन, महेंद्र जैन, कपूरचंद जैन और तेजराज जैन अपने व्यापार के सिलसिले में मुंबई (महाराष्ट्र) में रहते हैं, जबकि सुनील शर्मा इलेक्ट्रिक सामान की बिक्री के कार्य के चलते सोजत में किराए के मकान में रहते हैं।
मेहनत की कमाई और माता-पिता के गहने ले उड़े चोर
सुबह मकानों के ताले टूटने की सूचना मिलने पर सुनील शर्मा धाकड़ी पहुंचे। उन्होंने बताया कि चोर उनके घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, माता-पिता के पुराने गहने, कीमती घड़ियां और अन्य सामान चुरा ले गए। सुनील शर्मा ने बताया कि वे एक साधारण व गरीब तबके से आते हैं और पाई-पाई जोड़कर मेहनत से अपना रोजगार चलाते हैं; इस चोरी ने उन्हें आर्थिक रूप से तोड़कर रख दिया है। (संपर्क सूत्र: सुनील शर्मा – 7851025899)
पुलिस ने संभाला मोर्चा, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरा पुलिस के सी.आई. दाऊद खान, ए.एस.आई. किशनलाल और ए.एस.आई. जोगेन्द्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों तथा ग्रामीणों की मदद से चोरों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है। हालांकि चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस क्षेत्र में नाकेबंदी कर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
कुछ ही महीनों में तीसरी बड़ी वारदात से ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी जैन मोहल्ले में करीब दो महीने पहले महेंद्र जैन और तेजराज जैन के घर तथा उससे लगभग 25 दिन पूर्व मीठालाल जैन के घर भी रात के अंधेरे में चोरी की वारदात हो चुकी है। बार-बार हो रही चोरियों से मोहल्लेवासियों और ग्रामीणों में भय व आक्रोश का माहौल है, तथा लोगों ने जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


