सोजत। साइबर ठगी के मामले में असाधारण सूझबूझ, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राहक के 94.88 लाख रुपये सुरक्षित वापस दिलाने पर आईसीआईसीआई बैंक की सोजत शाखा के प्रबंधक राहुल अग्रवाल को प्रतिष्ठित ‘ईगल आई अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को मुंबई में आयोजित बैंक के विशेष समारोह में बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप बख्शी ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया।
समारोह में देशभर की चुनिंदा शाखाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा प्रबंधकों एवं बैंक अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, जुलाई माह में आईसीआईसीआई बैंक की सोजत शाखा के एक खाताधारक के खाते से संदिग्ध लेनदेन के माध्यम से 94.88 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। इस दौरान शाखा प्रबंधक राहुल अग्रवाल ने अपनी सतर्कता और कार्यकुशलता का परिचय देते हुए संदिग्ध गतिविधियों को समय रहते पहचान लिया।
उन्होंने बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई की तथा संबंधित ट्रांजेक्शन को ब्लॉक करवाया। उनकी तत्परता और प्रभावी प्रयासों से ग्राहक की पूरी 94.88 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने में सफलता मिली। इस तरह उन्होंने ग्राहक को भारी आर्थिक नुकसान से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में राहुल अग्रवाल की यह उपलब्धि बैंकिंग क्षेत्र में ग्राहक हितों के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सतर्कता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके इस उल्लेखनीय कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने से सोजत क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर समाजसेवी अनोपसिंह लखावत, विकास टाक, दिनेश टाक डीडी, सुरेश अग्रवाल, विजय राज मोयल, चेतन व्यास, दिनेश गर्ग, नितेश अग्रवाल, राज नारायण हर्ष, डॉ. अरुण गोयल, राजेन्द्र चौहान एवं राजेश चौधरी सहित अनेक शुभचिंतकों ने राहुल अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


