सोजत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सोजत (117) में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रविप्रकाश की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि सोजत विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद से प्राप्त हो रहे दावे एवं आपत्तियों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि हीरालाल कांठेर, पुनीत दवे एवं माणक राम पंवार सहित चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक, प्रेमचंद परिहार आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविप्रकाश ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय सीमा में अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने का आह्वान किया, ताकि सभी आवश्यक संशोधनों के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन समय पर किया जा सके।


