सोजत। नगरपालिका चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच गुरुवार को सोजत शहर में भाजपा का युवा जोश और संगठनात्मक ताकत नजर आई। भारतीय जनता पार्टी सोजत मंडल के तत्वावधान में आयोजित भव्य वाहन रैली एवं विशाल युवा सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया। शहर की सड़कों पर लहराते भाजपा के झंडे-बैनरों और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया।
वाहन रैली का शुभारंभ दोपहर में जोधपुरिया गेट स्थित श्री परशुराम चौराहे से हुआ। भाजपा के झंडों और बैनरों से सजे वाहनों के काफिले के साथ कार्यकर्ता एवं युवा जोश-खरोश से रैली में शामिल हुए। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पाली रोड स्थित माहेश्वरी भवन पहुंची, जहां वाहन रैली विशाल युवा सम्मेलन में परिवर्तित हो गई।
युवा शक्ति को चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने युवाओं को संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि नगरपालिका चुनाव में युवा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता, अनुशासन और एकजुटता के साथ जुटें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनसंपर्क करने तथा भाजपा की नीतियों एवं सरकार के विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटें : दवे
पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को नगरपालिका चुनाव में भाजपा को भारी जीत दिलाकर प्रदेश और देश की डबल इंजन सरकार को मजबूत बनाने में अपनी महती भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत में ही संगठन और प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान निहित है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी किया संबोधित
सम्मेलन को एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष मेघाराम परमार, जिला मंत्री दिनेश खिवांदी, चुनाव संयोजक भंवरलाल सेणचा, जिला मंत्री महावीर अखावत, प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष राकेश पंवार, ओबीसी प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर संगठन की एकजुटता, बूथ स्तर पर सक्रियता और युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया।
कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जताया आभार
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा सोजत मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर एवं महामंत्री एडवोकेट हीरालाल कांठेर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मंडल के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का आभार जताया।
कार्यक्रम का जोशीला संचालन युवा नेता हीरालाल कांठेर ने किया। वाहन रैली से लेकर युवा सम्मेलन तक युवाओं की बड़ी भागीदारी ने सोजत में आगामी नगरपालिका चुनाव की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया।


