सोजत। औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पंवार का साफा एवं माला पहनाकर बहुमान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बुढ़ायत माता मंदिर व्यवस्था समिति के पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र व्यास ने कहा कि यह सोजत के लिए गर्व का विषय है कि यहां की युवा प्रतिभा अब प्रदेश स्तर पर शहर का नाम रोशन करेगी। समिति सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि प्रतिभाएं अपनी कार्यकुशलता के बल पर निरंतर प्रगति करते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करती हैं।
अभिनव कला मंच के सचिव चेतन व्यास ने कहा कि सोजत को प्रदेश स्तर पर युवा राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना व्यक्तित्व एवं कृतित्व का अद्भुत संगम है। वहीं क्षत्रिय मेवाड़ा कलाल समाज के वरिष्ठजन रामेश्वर मेवाड़ा ने कहा कि युवाओं को नई ऊर्जा देने और सोजत के हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त नेतृत्व मिला है।
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पंवार ने कहा कि आप सभी के स्नेह, सहयोग एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मार्गदर्शन में उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, उसके निर्वहन में वे कोई कमी नहीं रखेंगे।
समारोह में बुढ़ायत माता मंदिर व्यवस्था समिति अध्यक्ष जितेंद्र व्यास, ललित कुमार व्यास, राणाराम पंवार, श्याम पंवार, पूर्व पार्षद तरुण सोलंकी सहित घांची समाज एवं विभिन्न संगठनों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने राकेश पंवार का साफा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।


