पाली, 26 मई। 16वीं जूनियर पुरुष राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पाली जिला टीम के गठन हेतु चयन ट्रायल का आयोजन मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हॉकी पाली संघ के सचिव सत्यनारायण सिंह पुनाडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चयन ट्रायल मंगलवार सुबह 7:30 बजे रिजर्व पुलिस लाइन स्थित हॉकी खेल मैदान में शुरू हुआ। इस ट्रायल में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों जैसे धामली, खिमेल, कोटडी, चंडावल, निमाज और जैतारण सहित संपूर्ण पाली संघ के लगभग 40 जूनियर पुरुष हॉकी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपना दमखम दिखाया।
4 से 7 जून तक पाली में ही मचेगा धमाल
इस अवसर पर हॉकी पाली के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा ने बताया कि ट्रायल के माध्यम से चुनी गई यह टीम आगामी 4 जून से 7 जून तक आयोजित होने वाली ’16वीं जूनियर पुरुष राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता’ में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। खास बात यह है कि इस बार इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी खुद पाली जिला ही कर रहा है।
प्रतिभा और कौशल बना चयन का आधार
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के लिए हॉकी पाली के मुख्य चयनकर्ता दीपक सोलंकी ने मैदान पर खिलाड़ियों के उच्च कौशल, तकनीक और फिटनेस के आधार पर सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया।
इस महत्वपूर्ण चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए हॉकी पाली के कोषाध्यक्ष दिनेश पंवार, मांगू सिंह दुदावत, विजय कच्छावा और अनिल सिंह निंबाड़ा सहित खेल संघ के कई पदाधिकारी और खेल प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे।


