पाली, 7 जून 2026 पाली शहर की ज्वलंत जनसमस्याओं, लड़खड़ाई पेयजलापूर्ति, अघोषित बिजली कटौती, और सीवरेज संकट को लेकर आज जिला कांग्रेस भवन में कांग्रेस की एक अत्यंत महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह निम्बाडा और शहर ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी दिनों में प्रस्तावित नगर निगम कार्यालय के घेराव और व्यापक जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

जनता के अधिकारों के लिए आगे आकर लड़नी होगी लड़ाई: संगीता बेनीवाल
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार पूरी तरह असफल और अकर्मण्य साबित हुई है। सरकार की इस विफलता को जनता के बीच ले जाकर हमें अपने अधिकारों के लिए अग्रिम पंक्ति में रहकर लड़ाई लड़नी होगी।
लोकतंत्र का गला घोंट रही है डबल इंजन सरकार: निम्बाडा
जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, डबल इंजन की सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। पिछले दो वर्षों से स्थानीय निकाय चुनाव टालकर न सिर्फ संविधान की अवमानना की जा रही है, बल्कि जनता के अधिकारों पर डाका डाला जा रहा है। माननीय न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर यह सरकार तानाशाही की राह पर चल पड़ी है।”
उन्होंने कहा कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं से त्रस्त है, जबकि भाजपा के नेता और मंत्री अपनी वाहवाही में मस्त हैं।
बजट के अभाव में विकास कार्य ठप्प
पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, पीसीसी सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई और ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई ने कहा कि यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के प्रभार वाले क्षेत्र पाली नगर निगम की स्थिति बजट के अभाव में बेहद दयनीय है। विकास कार्य पूरी तरह ठप्प हैं। महिला नेत्री सुमित्रा जैन और नीलम बिड़ला सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित कर आगामी जनांदोलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।
इन प्रमुख मुद्दों को लेकर होगा आंदोलन:
* गत दो वर्षों से निकाय चुनावों को टालना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना।
* मानसून पूर्व ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली और नालों की अधूरी सफाई।
* लड़खड़ाई पेयजल व्यवस्था और भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती।
* बजट और रख-रखाव के अभाव में वीरान पड़े शहर के 30 से अधिक सार्वजनिक उद्यान।
* खस्ताहाल सड़कें, लंबित पट्टे और संपत्ति हस्तांतरण के प्रकरण।

वार्ड स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक का मंच संचालन जोगाराम सोलंकी ने किया तथा आभार प्रदर्शन कांग्रेस नेता आनंद सोलंकी द्वारा किया गया। बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मेहबूब टी, प्रकाश सांखला, जीवराज बोराणा सहित भारी संख्या में जिला एवं शहर ब्लॉक के पदाधिकारी, निवर्तमान व पूर्व पार्षद, मण्डल, वार्ड अध्यक्ष और बीएलए-2 स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे। आंदोलन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को वार्ड अनुसार जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

