सोजत। नगर के प्रमुख आराध्य स्थल श्री कर्मा बाई मंदिर में प्रथम ज्येष्ठ अधिक मास के पावन अवसर पर पिछले एक माह से अखंड राम-कृष्ण संकीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है। मंदिर परिसर में दिन-रात संगीतमय राम-कृष्ण धूनी का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निरंतर जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
मंदिर के महंत बालक दास महाराज त्यागी के सानिध्य में 15 मई से प्रारंभ हुआ यह अखंड संकीर्तन 15 जून तक चलेगा। इसके उपरांत 16 जून को रात्रि जागरण का आयोजन होगा तथा 17 जून की प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री कर्मा कृष्ण अन्नक्षेत्र का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
महंत बालक दास महाराज ने बताया कि अन्नक्षेत्र में प्रतिदिन सायंकाल आरती के बाद आगंतुक श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। कोई भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर प्रसादी ग्रहण कर सकेगा। अन्नक्षेत्र के संचालन के लिए मंदिर के नीचे मुख्य सड़क के निकट नए भवन का निर्माण कराया गया है, जहां नियमित रूप से भोजन सेवा संचालित होगी।
अधिक मास के अवसर पर आयोजित यह राम-कृष्ण संकीर्तन कार्यक्रम अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। दिन-रात चल रही राम-कृष्ण धूनी में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण और भक्तिमय उल्लास का माहौल बना हुआ है।
गुरूवार को आयोजित संकीर्तन में महंत बालक दास महाराज के नेतृत्व में गोविंद दास महाराज, शारदा, दुर्गा, मांगी देवी, शांति देवी, कन्या देवी, पिस्ता देवी, मंजू, कृष्णा, राम, महेंद्र, देव, भूमि, दीपक, गुलाब, पारसी देवी, सत्यनारायण, विशनराम, कमलेश, कुमकुम तथा पुजारी महेंद्र ओझा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभाई।
वहीं आयोजन की व्यवस्थाओं में भंवरलाल खारोल (राजकीयवास), उदाराम बलाडा (हैदराबाद), भीकाराम चौधरी (सोजत), नरसिंहराम जाट पोटलिया, गोवर्धनराम बरियाला (बासनी, हाल कांचीपुरम), कैलाश दवे, कालूराम प्रजापत, शांति बाई प्रजापत, गुड़ा दुर्जन सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
मंदिर परिसर में चल रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन संकीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।


