सोजत। छोटी उम्र में बड़े संकल्प लेकर समाज में जागरूकता की अलख जगाने वाली मोतीचंद सेठिया आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा दिव्या परिहार आज सोजत के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। महेन्द्र कुमार परिहार की पुत्री दिव्या पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, गौसंरक्षण, बालिका शिक्षा, मतदाता जागरूकता, जल एवं बिजली बचाओ, प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर रोक तथा “स्वच्छ सोजत-स्वस्थ सोजत-सुंदर सोजत” अभियान को लेकर लोगों को जागरूक कर रही है।
दिव्या ने जनजागरण के उद्देश्य से एक आकर्षक स्क्रैप बुक भी तैयार की है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।
विद्यालय के प्राचार्य दीपसिंह राजावत के मार्गदर्शन में दिव्या अपनी बहन भूमिका परिहार के साथ विद्यालय के विद्यार्थियों और आसपास के लोगों को विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूक कर रही है। उसकी इस अनूठी पहल को समाज का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
दिव्या के सराहनीय कार्यों के लिए सोजत महोत्सव समिति, वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, भारत विकास परिषद, अभिनव कला मंच सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं ने उसे सम्मानित किया है। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, विधायक शोभा चौहान, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के चेयरमैन अनोप सिंह लखावत, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पतराज मुणोत, अभिनव कला मंच के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी उसकी हौसला-अफजाई कर चुके हैं।
दिव्या, हिमांशु भाटी, दीपिका परिहार और शौर्य परिहार के साथ मिलकर गौवंश एवं अन्य जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए भी लोगों को जागरूक कर रही है। वह लोगों से अपील करती है कि पॉलीथीन और प्लास्टिक की थैलियों में खाद्य सामग्री सड़कों या मोहल्लों में न फेंकें, क्योंकि इन्हें खाने से गौवंश के जीवन पर गंभीर संकट आ जाता है।
समाज के प्रति समर्पण और जागरूकता फैलाने की इस अनूठी पहल के लिए दिव्या परिहार को विभिन्न मंचों पर सम्मानित भी किया गया है। उसकी यह पहल साबित करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो छोटी उम्र भी बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकती है।


