अब कतार में लगने की जरूरत नहीं, मोबाइल से बनेगी अस्पताल की पर्ची।
सोजत सिटी। राजकीय जिला अस्पताल सोजत सिटी में मरीजों को बेहतर, सुलभ और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत अस्पताल में ऑनलाइन ओपीडी पर्ची एवं डिजिटल टोकन की सुविधा को गति दी जा रही है।
इसी क्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने अस्पताल परिसर में लगे ‘कतारों से बचें’ QR कोड पोस्टर को अपने मोबाइल से स्कैन कर ऑनलाइन पर्ची एवं डिजिटल टोकन जनरेट करने की पूरी प्रक्रिया स्वयं प्रदर्शित की। उन्होंने बताया कि मरीज या उनके परिजन मोबाइल फोन से अस्पताल परिसर में लगे QR कोड को स्कैन कर कुछ ही समय में डिजिटल प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
QR कोड स्कैन करें और पर्ची पाएं
पीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि ABDM के अंतर्गत अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर QR कोड लगाए गए हैं। इनके माध्यम से मरीज अपनी डिजिटल ABHA ID बना सकते हैं तथा लंबी कतार में खड़े हुए बिना OPD पर्ची और डिजिटल टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
मरीजों को मिलेंगे ये फायदे
– लंबी कतार से राहत — पर्ची काउंटर पर इंतजार का समय कम होगा।
– समय की बचत — मोबाइल से ऑनलाइन प्रक्रिया कुछ ही समय में पूरी की जा सकती है।
– डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड — ABHA के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेंगे।
– पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा — मरीजों को अस्पताल की सेवाओं तक आसान डिजिटल पहुंच मिलेगी।
पीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने आमजन से अपील की कि अस्पताल में आने वाले मरीज एवं उनके परिजन पर्ची काउंटर पर अनावश्यक कतार में खड़े होने के बजाय अस्पताल परिसर में लगे QR कोड का उपयोग करें और डिजिटल पर्ची एवं टोकन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
डिजिटल सुविधा से सोजत जिला अस्पताल में मरीजों के समय की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

