सोजत सिटी। शहर के सबसे युवा पार्षद राहुल राठौड़ ने अपने जन्मदिवस को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए जरूरतमंदों के बीच खुशियां साझा कीं। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मरीजों को बिस्किट एवं फल वितरित किए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इसके साथ ही जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों को पाटी-पेंसिल, बिस्किट एवं केले वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। राहुल राठौड़ के इस सेवा कार्य से बच्चों और जरूरतमंदों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी शहजाद जाखड़ सहित एनएसयूआई कार्यकर्ता अमित, प्रवीण पंवार, दिवेश सामरिया, राकेश तंवर, राकेश मालवीय, रुद्राक्ष, जयंत टॉक, रितिक एवं अरुण मौजूद रहे। सभी ने सेवा कार्य में सहभागिता निभाते हुए जरूरतमंदों के बीच सामग्री का वितरण किया।
राहुल राठौड़ ने कहा कि जन्मदिवस की खुशी जरूरतमंदों के साथ बांटने से यह दिन और भी खास एवं सार्थक बन जाता है। मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता ही सच्ची खुशी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग की मदद करने का प्रयास जारी रहेगा।


