सोजत। शहंशाह-ए-सोजत हजरत नुरशाह बाबा रह.अ. का 55वां सालाना उर्स मुबारक कल बुधवार, 18 नवंबर 2026 को परंपरागत रूप से पूरी अकीदत और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उर्स को लेकर दरगाह कमेटी की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
दरगाह कमेटी के सदर मोहम्मद साकिर राजा ने बताया कि उर्स के मद्देनजर पूरी दरगाह परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। वहीं, रात्रि के समय सर्दी को देखते हुए दरगाह परिसर में आयोजित होने वाले कव्वाली कार्यक्रम के दौरान जायरीनों एवं श्रोताओं के बैठने के लिए टेंट की समुचित व्यवस्था की जा रही है। बाहर से आने वाले जायरीनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
उर्स के अवसर पर पैदल यात्रियों द्वारा लाई जाने वाली चादर का भव्य जुलूस दोपहर 3 बजे पीर साहब की पोल से रवाना होगा, जो मुख्य बाजार से होते हुए शाम को दरगाह शरीफ पहुंचेगा। वहीं, रात्रि 10 बजे से भव्य कव्वाली कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें हिन्दुस्तान के मशहूर कव्वाल जुबैर नईम अपनी सूफियाना प्रस्तुतियों और शानदार कलाम से समां बांधेंगे।
उर्स आयोजन को सफल बनाने के लिए दरगाह कमेटी के सदर मोहम्मद साकिर राजा, सैयद मोहसीन अली, अकबर पठान, जुबैर खान, गुलाम दस्तगीर, शरफराज (गफूर), शहजाद सिलावट, इरफान बागड़ी, एडवोकेट आमिर खान, पार्षद नासीर सिलावट, शाहरुख सिपाही, आरिफ कुरैशी, अमन खान सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।


