सोजत। सोजत के साहित्य जगत के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि शहर के वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार नवनीत राय ‘रुचिर’ को जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में ‘पांचवां राष्ट्रीय मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान उनकी चर्चित काव्य रचना ‘सनातन धर्म’ के लिए प्रदान किया गया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा राजस्थान, जयपुर के तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र, दुर्गापुरा स्थित सिवाम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में कवि रुचिर को ₹5,101 की नगद राशि, स्मृति चिह्न, शॉल, दुपट्टा एवं प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह का आयोजन संस्था के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी अजीत सक्सेना के मुख्य आतिथ्य तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में हुआ। डॉ. सक्सेना ने बताया कि नवनीत राय ‘रुचिर’ ने मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न प्रतियोगिता-2026 में सहभागिता की थी। चयन समिति ने कविता विधा में उनकी रचना ‘सनातन धर्म’ को तृतीय श्रेष्ठ साहित्यिक अभिव्यक्ति के रूप में चयनित करते हुए उन्हें राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना।
परिवार का भी हुआ बहुमान
सम्मान समारोह के दौरान कवि रुचिर के परिवारजनों का भी संस्था की ओर से बहुमान किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी वीणा भटनागर, भाभी श्रीमती रश्मि दीपक भटनागर, सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त वाणिज्य तथा भतीजे डॉ. असीम राय (अमेरिका) का भी सम्मान किया गया। समारोह में देश एवं प्रदेश के अनेक सुप्रसिद्ध साहित्यकार उपस्थित रहे।
अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
कवि नवनीत राय ‘रुचिर’ इससे पूर्व भी साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर का शंभुदयाल सक्सेना बाल साहित्य पुरस्कार, राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर का जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य पुरस्कार तथा राजस्थान सरकार का श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
नवनीत राय ‘रुचिर’ की इस उपलब्धि पर साहित्यिक, सामाजिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों तथा साहित्यप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। राष्ट्रीय मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान मिलने से सोजत के साहित्यिक गौरव में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।


