in

सोजत नगरपालिका चुनाव से पहले AIMIM में बड़ा सियासी उलटफेर, अध्यक्ष नियामत अली ने पार्टी के चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान; विधानसभा सचिव नौशाद अली ने दिया इस्तीफा।

सोजत। नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर सोजत में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी बीच AIMIM की ओर से सामने आई दो बड़ी घोषणाओं ने स्थानीय चुनावी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

AIMIM सोजत विधानसभा अध्यक्ष नियामत अली रंगरेज ने वीडियो जारी कर सोजत नगरपालिका चुनाव में पार्टी के चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उनके इस ऐलान के सामने आते ही शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। नगरपालिका चुनाव में AIMIM की संभावित भूमिका को लेकर पिछले दिनों से चर्चाएं चल रही थीं, ऐसे में चुनाव मैदान से हटने की घोषणा को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, इसके कुछ ही समय बाद AIMIM सोजत विधानसभा क्षेत्र के सचिव नौशाद अली रंगरेज ने भी वीडियो जारी कर पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। एक ओर पार्टी के चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान और दूसरी ओर विधानसभा क्षेत्र के सचिव का इस्तीफा—इन दोनों घटनाओं ने सोजत की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

मुस्लिम वार्डों में बदलेंगे चुनावी समीकरण

सोजत नगरपालिका में AIMIM को खासतौर पर मुस्लिम बहुल वार्डों में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा जा रहा था। ऐसे में पार्टी के चुनाव नहीं लड़ने के निर्णय से इन वार्डों में मुकाबले की तस्वीर बदलने की संभावना जताई जा रही है।

AIMIM की इन दोनों घोषणाओं के बाद अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की निगाहें मुस्लिम बहुल वार्डों के चुनावी समीकरणों पर टिक गई हैं। कौन-सा प्रत्याशी इसका लाभ उठाएगा और मतदाताओं का रुझान किस ओर जाएगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

नगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बीच AIMIM का चुनाव से बाहर रहने का ऐलान सोजत के चुनावी माहौल में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस फैसले का भाजपा, कांग्रेस और अन्य संभावित प्रत्याशियों की चुनावी रणनीति पर कितना असर पड़ता है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन,वाहन रैली के बाद विशाल युवा सम्मेलन।