सोजत। नगरपालिका चुनाव की चुनावी बिसात सज चुकी है और प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 34 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती किर्ती राजेश तंवर ने गुरुवार शाम अपने समर्थकों के साथ वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और अपने पक्ष में वोट एवं समर्थन की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान श्रीमती किर्ती तंवर ने वार्डवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि वार्ड संख्या 34 उनका परिवार है और परिवार की हर समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने वार्ड में पानी, बिजली और सड़कों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
श्रीमती तंवर ने वार्ड की बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान समर्थकों ने “कमल खिलेगा, वार्ड संख्या 34 आगे बढ़ेगा”, “आदर्श वार्ड बनाना है, भाजपा का साथ निभाना है, बहन किर्ती जी को जिताना है” जैसे जोशीले नारों से पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान वार्डवासियों ने भी श्रीमती किर्ती तंवर को अपना समर्थन देते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिनमें सोहनलाल सोरल, चंद्रप्रकाश गहलोत, बाबूलाल तंवर, सुनील गहलोत, जवरीलाल गहलोत, ताराचंद, मांगीलाल तंवर, पंकज, मनोहर, मनीष, अब्दुल, मोहिनुद्दीन एवं विकास सहित अनेक कार्यकर्ता एवं वार्डवासी शामिल रहे।

