सोजत। भीषण गर्मी के बीच मगरिया आवासीय कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, क्षतिग्रस्त सड़क, नाले की निकासी व्यवस्था एवं विद्युत सुविधाओं की कमी को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने बताया कि मगरिया बेरा रोड स्थित हरिजन बस्ती एवं आसपास की कॉलोनियों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि पेयजल की आवश्यकता पूरी करने के लिए लोगों को निजी टैंकरों के माध्यम से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की सड़कें जर्जर एवं क्षतिग्रस्त होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
निवासियों ने वाल्मीकि समाज भवन के समीप बने नाले की निकासी व्यवस्था बंद होने से गंदा पानी फैलने और स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की जानकारी भी दी। साथ ही पर्याप्त लाइट पोल नहीं होने से रात के समय क्षेत्र में अंधेरा रहने तथा बढ़ती आबादी को देखते हुए नए विद्युत कनेक्शनों की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर राजेश तंवर ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल राहत के लिए ट्यूबवेल एवं पानी की टंकी की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के 36 कौमों के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, नाला एवं विद्युत सुविधाओं सहित अन्य समस्याओं का भी संबंधित विभागों के माध्यम से चरणबद्ध समाधान कराया जाएगा।
इस दौरान कॉलोनीवासियों ने भाजपा ओबीसी मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वास व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमोद ढंजा, भूरा खान, घनश्याम वाल्मीकि, बाबूलाल, रोहित, महेंद्र चांगरा, भूपेंद्र चौहान, अयूब खान, प्रशांत, किशनलाल, सरला, किरण देवी, साजन, जतिन, सुशील, अमित सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


