पाली। शहर के राजेंद्र नगर विस्तार में पूर्व पार्षद एवं भाजपा जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी के संयोजन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का जागरूकता एवं आवेदन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी, ठेला और छोटी दुकान चलाने वाले स्थानीय दुकानदारों को आर्थिक संबल प्रदान करना था।

शिविर के दौरान कुल 62 लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन जमा कर उनका मौके पर ही सत्यापन किया गया। इन सभी आवेदनों को ऋण स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को आगे भेज दिया गया है।
महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस
संयोजक तिलोक चौधरी ने बताया कि इस योजना में महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत छोटे व्यवसायियों को अपना काम बढ़ाने के लिए ₹10,000 से लेकर ₹50,000 तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में उपस्थित आमजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के बेमिसाल कार्यकाल में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इनका रहा विशेष सहयोग
शिविर को सफल बनाने में नगर निगम के जिला प्रबंधक शेरसिंह, युवराज वैष्णव और लोकेश कुमावत का विशेष तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग रहा। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना की।


