सोजत/पाली। विश्व शांति, जन कल्याण, गौ माता एवं पर्यावरण संरक्षण, देश में आपसी सौहार्द, भारत की एकता-अखंडता तथा क्षेत्र में अच्छी मानसूनी बारिश की मनोकामना को लेकर महंत श्री बजरंगदास जी महाराज (नागा की बेरी बालाजी मंदिर, सोजत) की आबूराज श्री अग्रेश्वर महादेव मंदिर तक की पैदल दंडवत यात्रा 03 अगस्त से आरंभ हो गई है।
अत्यंत कठिन नियम-धर्म और भक्ति भाव के साथ शुरू हुई यह दंडवत यात्रा लगभग 3 महीने से पहले पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है। इस पावन यात्रा में महाराज श्री के साथ उनके अनन्य भक्त भरत भाई (शिवगंज) और मोहन चौधरी (बागावास) भी आबूराज तक साथ चल रहे हैं।
मार्ग में उमड़ रहा जनसैलाब
हाइवे से होकर गुजर रही इस कठिन यात्रा के दौरान गुरुदेव के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए आसपास के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों और नेशनल हाईवे पर पहुंच रहे हैं। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दुर्गाराम चौधरी, मदन मौर्य और महेश चौधरी सहित कई प्रबुद्ध जनों ने मार्ग में पहुंचकर महाराज श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म लाभ लिया।

