सोजत रोड। धर्म नगरी सोजत रोड के फुलाद मार्ग स्थित किशन बाबूजी की कपास मिल परिसर में सोमवार से सात दिवसीय शिव पुराण कथा का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। श्री शिव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कथा को लेकर संपूर्ण क्षेत्र के शिव भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
गाजे-बाजे के साथ निकलेगी शोभायात्रा
आयोजन की शुरुआत सोमवार सुबह 11:15 बजे नगर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर में कथा वाचक प्रवीण ओझा द्वारा पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद 101 कलशधारी महिलाओं की अगुवाई में गाजे-बाजे और रथारूढ़ संतों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार, सुभाष मार्ग, महाराणा प्रताप चौराहा और फुलाद मार्ग से होते हुए कथास्थल पहुंचेगी।
वॉटरप्रूफ पांडाल में बिछाई गई मखमली घास
कथास्थल श्री नीलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशाल और पूर्णतया वॉटरप्रूफ पांडाल का निर्माण किया गया है। पांडाल में व्यास पीठ के पीछे आदियोगी की भव्य प्रतिकृति बनाई गई है, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र है। श्रद्धालुओं के बैठने को आरामदायक बनाने के लिए पूरे पांडाल में मखमली कृत्रिम घास की मैट बिछाई गई है।
10 से 16 अगस्त तक दोपहर 2 से 5 बजे तक होगी कथा
तैयारियों का जायजा लेने के लिए वृंदावन के संत दिव्य प्रकाश महाराज ने आयोजक मंडली के साथ कथास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक सुझाव दिए। समिति की ओर से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कथा की मुनादी करवा दी गई है। यह सप्त दिवसीय शिव पुराण कथा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।


