सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति, सोजत के आदेशानुसार शनिवार को बासनी तिलवाड़िया और आलावास के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नशे के दुरुपयोग को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी सांवल प्रभात व्यास ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को नशे के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका गंभीर असर पड़ता है।
इस दौरान विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान तथा नशे की लत से बचने के उपायों पर चर्चा की गई। बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने, उन्हें उचित मार्गदर्शन देने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
अवैध नशे के कारोबार पर कानूनी जानकारी
पीएलवी द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, खरीद एवं सेवन से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित सक्षम प्राधिकारी को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही बताया गया कि परिवार में यदि कोई सदस्य नशे की समस्या से जूझ रहा हो तो उसे केवल दोषी मानने के बजाय सही मार्गदर्शन, उपचार एवं नशामुक्ति सेवाओं से जोड़ना अधिक महत्वपूर्ण है।
निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
कार्यक्रम में निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली एवं तालुका विधिक सेवा समिति, सोजत के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक परामर्श एवं मार्गदर्शन उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इस दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी को “नशा छोड़ें, जीवन बचाएं” का संदेश देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, बच्चों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में अमरलाल साँवलोत, महेश कुमार व्यास, नेताराम, जोगेश वैष्णव, रोहित सिंघाड़िया, गुड़िया सोमानी, हेमंत कुमार सहित विद्यालय स्टॉफ एवं सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया।


