पाली। घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खाली सिलेंडर उल्टे रखकर उन पर चूल्हा जलाया और चाय-रोटी बनाकर अनोखे तरीके से सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार का पुतला फूंका गया तथा जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए शहर की गैस एजेंसियों के बाहर एक-एक पुलिसकर्मी भी तैनात किया गया।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी पाली के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि और गैस किल्लत को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने कहा कि गैस किल्लत, कमरतोड़ महंगाई और केंद्र सरकार की विफल विदेश नीतियों के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन मुश्किल होता जा रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता केवलचंद गुलेच्छा ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी और गैस की कमी के कारण आम जनता, व्यापारी वर्ग और सामाजिक संगठनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है।
उन्होंने बताया कि कई परिवारों में शादियां होने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग भी नहीं हो रही है और गैस कंपनियों के कार्यालयों में सर्वर डाउन होने की बात कहकर लोगों को लौटा दिया जाता है।
कांग्रेस नेता महावीर सिंह राजपुरोहित ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के समय देश के हितों को सुरक्षित रखने में केंद्र की भाजपा सरकार गलत विदेश नीति के कारण विफल रही है, जिसके चलते देश में ईंधन संकट की स्थिति पैदा हो गई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से गैस सिलेंडर के दाम कम करने और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।


