घटना के समय बरामदा खाली होने से टली जनहानि, जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत की उठी मांग।
सोजत सिटी। शहर मे हो रही मानसूनी बारिश के बीच मंगलवार को स्थानीय आई माता राजकीय कन्या स्नातक महाविद्यालय में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महाविद्यालय परिसर के बरामदे की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना शाम करीब 4:15 बजे हुई, उस समय बरामदे में कोई छात्रा मौजूद नहीं थी, जिससे जनहानि नहीं हुई।
लगातार बारिश के कारण महाविद्यालय भवन के कई हिस्सों में पानी का रिसाव हो रहा है। इसके चलते भवन की स्थिति जर्जर और चिंताजनक बनी हुई है। छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने छात्राओं, अभिभावकों और महाविद्यालय स्टाफ की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्यामलाल तोसावर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की तकनीकी खराबी और जर्जर अवस्था की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को देते हुए छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। साथ ही क्षतिग्रस्त क्षेत्र में तत्काल आवाजाही रोकने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दलवीर सिंह राणावत, डॉ. नरेश ओझा, डॉ. राजू देवी तथा मंत्रालयिक कर्मचारी मुकेश मेवाड़ा और नरेंद्र पंवार भी मौजूद रहे। सभी ने भवन की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र मरम्मत की आवश्यकता पर बल दिया।
महाविद्यालय प्रशासन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और उच्च शिक्षा विभाग से भवन की तत्काल तकनीकी जांच करवाकर आवश्यक बजट स्वीकृत करने तथा मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचाया जा सके।


