सोजत। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान आपातकालीन स्थिति में बिना रिप्लेसमेंट डोनर के सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय राजकीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण अपेक्षित संख्या में रक्तदाता नहीं पहुंच सके, इसके बावजूद रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना से शिविर में 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. कन्हैयालाल सीरवी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडारण सुनिश्चित करना है, ताकि प्रसव के दौरान किसी भी गर्भवती महिला को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में रिप्लेसमेंट डोनर उपलब्ध नहीं होने से परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही सबसे प्रभावी और मानवीय विकल्प है।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है” और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह प्रेरणादायक रहा तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में वरिष्ठ तकनीकी सहायक भगाराम जयपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं लेब टेक्नीशियन नेक मोहम्मद ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहने से जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।


