पाली / जोधपुर: ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में होटल चोखा ढाणी जोधपुर पैलेस रिसॉर्ट में अखिल भारतीय हज सेवा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान, राष्ट्रीय महासचिव सैयद रियाज अहमद और राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष इंतखाब आलम (पप्पन भाई) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुपारस भंडारी, जोधपुर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार वर्मा, तथा राजस्थान अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व एआईसीसी अल्पसंख्यक विभाग के मध्य प्रदेश प्रभारी आबिद कागजी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
30 जिला अध्यक्षों का हुआ मनोनयन
समारोह के दौरान संपूर्ण राजस्थान के विभिन्न जिलों में 30 जिलाध्यक्षों को मनोनीत किया गया। इसी क्रम में पाली जिले की कमान शकील अहमद नागौरी को सौंपी गई। पाली जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर शकील अहमद नागौरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान और प्रदेश अध्यक्ष इंतखाब आलम का आभार व्यक्त किया।
हाजियों की खिदमत का दिलाया विश्वास
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शकील अहमद नागौरी ने संबोधित करते हुए कहा कि, “यह मेरी खुशनसीबी है कि मुझे पाली जिले की सरजमीं से पवित्र मक्का-मदीना की यात्रा पर जाने वाले हाजियों की खिदमत का अवसर मिला है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी हज यात्रा के लिए आवेदन फॉर्म भरने से लेकर, कुरा (लॉटरी) में चयन, टीकाकरण और एयरपोर्ट से रवानगी तक हज यात्रियों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी।
विभिन्न राज्यों के खिदमतगारों का हुआ सम्मान
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान के अलावा दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में हज खिदमतगारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में समाज और हाजियों की सेवा करने वाले सभी खिदमतगारों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह (स्मृति चिन्ह) देकर सम्मानित किया गया।
बधाइयों का लगा तांता
शकील अहमद नागौरी के जिलाध्यक्ष बनने पर मोहम्मद हारून मलिक, मोहम्मद यूसुफ मोयल, मोहम्मद यासीन रॉयल, अकरम अली अजमेरी, आसिफ खान पठान, मोहम्मद सत्तार पठान और फारूक रंगीला सहित मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध जनों ने उन्हें मुबारकबाद पेश की।


