गाजियाबाद/सोजत। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) ने वर्ष 2026 के अपने सर्वोच्च ‘राष्ट्र गौरव पुरस्कार’ की घोषणा कर दी है। देशभर से चयनित 41 प्रतिभाओं को शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
इन सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं में RJ22 न्यूज के सोजत उपखंड प्रमुख पत्रकार अकरम खान का नाम शामिल होना सोजत के साथ-साथ पूरे न्यूज पोर्टल परिवार के लिए गौरव की बात है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सक्रिय योगदान के लिए अकरम खान को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।
एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि 23 अगस्त को हिमाचल प्रदेश की एसकेएफआई इकाई एवं भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बिलासपुर स्थित भाषा संस्कृति सभागार में 9वें राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन होगा। समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार होंगे। विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल, जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल सहित एसकेएफआई के राष्ट्रीय एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी के साथ प्रांतीय अध्यक्ष ड़ा रामस्वरूप भटनागर भी मौजूद रहेंगे।
समारोह में राष्ट्र की सुरक्षा में साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट नीरज शर्मा सहित सेना से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी ‘राष्ट्र गौरव’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अकरम खान लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्तमान में वे स्वतंत्र पत्रकार के रूप में RJ22 न्यूज के सोजत उपखंड प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही जयपुर से प्रकाशित प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘देश का दर्पण’ में पाली जिला पत्रकार के रूप में भी सक्रिय हैं।
अकरम खान को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर RJ22 न्यूज की पूरी टीम ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। टीम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी पत्रकारिता के प्रति समर्पण, सक्रियता और उल्लेखनीय कार्यों का सम्मान है। राष्ट्रीय मंच पर सोजत के पत्रकार को सम्मान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।

