in

सोजत नगरपालिका चुनाव: नामांकन के दूसरे दिन 59 आवेदन प्राप्त हुए,अब तक कुल संख्या 62 आवेदन तक पहुंची।

भाजपा से 33, कांग्रेस से 14 और निर्दलीयों ने 12 आवेदन किए दाखिल; 31 अगस्त को नामांकन का अंतिम दिन।

 

सोजत। नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर सोजत शहर में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नाम निर्देशन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार, 29 अगस्त को नगरपालिका सोजत सिटी के लिए कुल 59 नामांकन आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भारतीय जनता पार्टी से 33, इंडियन नेशनल कांग्रेस से 14 तथा निर्दलीय प्रत्याशियों के 12 आवेदन शामिल हैं।

इससे पहले 27 अगस्त को कुल 3 नामांकन आवेदन प्राप्त हुए थे। इस प्रकार अब तक नगरपालिका सोजत सिटी के लिए कुल 62 नाम निर्देशन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय दावेदारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनावी मैदान में उतरने के इच्छुक दावेदार अंतिम अवसर का लाभ उठाने की तैयारियों में जुटे हैं।

31 अगस्त को अंतिम मौका

नगरपालिका आम चुनाव 2026 के लिए नाम निर्देशन आवेदन पत्र जमा कराने की प्रक्रिया का अंतिम दिन सोमवार, 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। अंतिम दिन अभ्यर्थी प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपने नाम निर्देशन आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे।

वहीं, 30 अगस्त रविवार को अवकाश रहेगा। ऐसे में सोमवार को नामांकन दाखिल करने के लिए अंतिम अवसर होने के कारण आवेदन जमा कराने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशन में प्रक्रिया जारी

नगरपालिका चुनाव की नाम निर्देशन प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी (नपा) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट सोजत श्री रवि प्रकाश के निर्देशन में निर्धारित चुनावी दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न करवाई जा रही है।

नामांकन की संख्या बढ़ने के साथ ही सोजत नगरपालिका चुनाव का माहौल भी लगातार गर्माता जा रहा है। अब सभी की नजरें 31 अगस्त के अंतिम दिन होने वाले नामांकन और इसके बाद सामने आने वाले चुनावी समीकरणों पर टिकी हैं।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश: बासनी तिलवाड़िया व आलावास स्कूलों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम।