सोजत (पाली) । पाली जिले के सोजत के पास धाकड़ी क्षेत्र में आज शाम 4:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज चमक और धीमी हवाओं के साथ मध्यम से तेज दर्जे की बारिश शुरू हो गई है।
सुबह से छाए उमस भरे मौसम और भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है, जिससे पूरे इलाके का मौसम सुहावना हो गया है।
किसानों पर मिला-जुला असर:
फसलों के लिए संजीवनी: बारिश के साथ हवा की गति धीमी रहने के कारण बारिश का पानी सीधे जमीन में उतर रहा है, जो सामान्य फसलों के लिए बेहद फायदेमंद माना जा रहा है। इससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
मेंहदी की फसल को लेकर चिंता: इन दिनों क्षेत्र में मेंहदी की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। अचानक हुई इस बारिश के कारण कटाई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

