सोजत। पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर सोजत उपखंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को उपखंड कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने की।
बैठक में पंचायत आम चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना तथा राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर की गाइडलाइन के अनुरूप सभी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में क्रिटिकल बूथों की सुरक्षा व्यवस्था, हथियारों के लाइसेंस, लाउडस्पीकर एवं चुनावी सभाओं की अनुमति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही धारा 163 बीएनएसएस के प्रावधानों तथा पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
रिटर्निंग अधिकारी रवि प्रकाश ने अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उपाधीक्षक पुलिस सोजत, तहसीलदार सोजत, नायब तहसीलदार बगड़ी, थानाधिकारी सोजत सिटी, सोजत रोड, शिवपुरा, बगड़ी एवं चंडावल नगर सहित चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


