सोजत। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सोजत के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 4 में डेमो मेले का आयोजन किया गया। मेले में सोजत ब्लॉक के सोजत सिटी, गागुड़ा, अटबड़ा, चाड़वास एवं सोजत रोड सेक्टर की शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
डेमो मेले में चार कक्षों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षिकाओं एवं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के संदर्भ व्यक्तियों ने बच्चों के साथ प्रभावी एवं रोचक तरीके से शिक्षण कार्य करने के गुर बताए। साथ ही बच्चों को आंगनवाड़ी से जोड़ने, अभिभावकों तक शाला पूर्व शिक्षा की जानकारी पहुंचाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने से संबंधित डेमो प्रस्तुत किए गए।
मेले में बच्चों के साथ व्यवहार, उनकी आवश्यकताओं को समझने, आंगनवाड़ी में टीएलएम (Teaching Learning Material) तैयार करने तथा उसका प्रभावी उपयोग करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। गतिविधियों के जरिए शिक्षिकाओं को बाल केंद्रित शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का महिला एवं बाल विकास अधिकारी आलोक शर्मा एवं इन्दर कुमार ने अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए शिक्षिकाओं को बेहतर कार्य के लिए आवश्यक सुझाव दिए।


