सोजत सिटी। सोजत महोत्सव समिति की कोर कमेटी की बैठक स्थानीय श्री जैन गौतम गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय में उद्यमी एवं समाजसेवी बाबूलाल बोहरा के मुख्य आतिथ्य तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य महेन्द्र कुमार मेहता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी सोजत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
सेजल माता मंडल के पूनाराम प्रजापत, ओमप्रकाश एवं अर्जुन कुमार ने बताया कि नवरात्रि स्थापना के अवसर पर निधि अनोप सिंह लखावत की ओर से महाआरती का आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन होंगे। अष्टमी की रात्रि भव्य भजन संध्या में बोलियां लगाई जाएंगी। वहीं 20 अक्टूबर नवमी के दिन सोजत की अधिष्ठात्री देवी मां सेजल माता की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी और मां सेजल ऐतिहासिक दुर्ग स्थित अपने पैतृक निवास में प्रवेश करेंगी।
महोत्सव समिति अध्यक्ष एवं पार्षद जोगेश जोशी ने बताया कि 14 अक्टूबर से भोलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसका मार्गदर्शन सत्तुसिंह भाटी करेंगे। पार्षद गंगासिंह सांखला ने बताया कि 16 अक्टूबर को न्यू मॉडर्न स्कूल में बच्चों के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पार्षद गौतम तंवर एवं पार्षद सुधीर दवे ने अन्य प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी दी।
इवेंट एक्सपर्ट पुष्पत मुणोत ने सभी कार्यक्रमों के सुनियोजित एवं व्यवस्थित संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि श्यामलाल व्यास ने आयोजन के नियमों एवं तैयारियों पर प्रकाश डाला। बैठक में कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व ताराचंद सैनी को सौंपा गया।
17 अक्टूबर को सजेगी सांस्कृतिक संध्या
बैठक में उपस्थित पार्षदों ने बताया कि 17 अक्टूबर को ऐतिहासिक दुर्ग की तलहटी स्थित रामेलाव तालाब के पास भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें राजस्थानी स्वर कोकिला सीमा मिश्रा सहित प्रदेश के प्रसिद्ध मिमिक्री कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं संपूर्ण नवरात्रि के दौरान सोजत में सेजल माता की रम्मत को लेकर गरबा पांडाल आकर्षक ढंग से सजाए जाएंगे। महोत्सव के दौरान ऐतिहासिक दुर्ग पर भव्य आतिशबाजी का नजारा भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
बैठक में चेतन व्यास, चुन्नीलाल बोस, अशोक सैन, डॉ. रशीद गौरी, अकरम खान, जवरीलाल बौराणा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में समिति अध्यक्ष जोगेश जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


