*पाली। राजस्थान वूशु संघ और भीलवाड़ा जिला संघ के तत्वाधान में सुखाड़िया स्टेडियम, भीलवाड़ा में 4 से 6 अक्टूबर तक 27 वीं जूनियर राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक व बालिका वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में पाली जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा और कुल तीन स्वर्ण तथा एक कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।

पाली जिला वूशु संघ सचिव एवं वूशु खेल मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद आसिफ ने बताया कि प्रतियोगिता में पाली के खिलाड़ी आकिल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस शानदार जीत के साथ ही आकिल का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वहीं, विपुल ने भी उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि हेमंत नोकिया (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, साइबर अनुसंधान सेल, भीलवाड़ा), उम्मेद सिंह राठौड़ (अध्यक्ष, बार एसोसिएशन), रघुनंदन कर्णावत (लोक अभियोजक, सेशन न्यायालय), भारतीय वूशु टीम के कोच राजेश कुमार टेलर एवं संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जहाँ अतिथियों द्वारा विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

