सोजत। गंगा पेट्रोल पंप के पीछे स्थित जय अंबे कॉलोनी में दशहरे के पावन अवसर पर बच्चों ने बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देते हुए रावण का पुतला बनाया तथा रामायण के विभिन्न पात्रों का मंचन किया। कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम को गोधूलि वेला में रावण दहन किया जाएगा।
इस अवसर पर कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक संतोष सिंह सोलंकी ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। हमें अपने जीवन में बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रावण ज्ञानी और पराक्रमी होने के बावजूद अपनी एक गलती के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। इसी कारण हर वर्ष दशहरे पर रावण दहन कर समाज को बुराई से दूर रहने की प्रेरणा दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रामायण के विभिन्न पात्रों का मंचन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसमें यशराज पालड़िया, युवराज पालड़िया, घनश्याम प्रजापत, डुग्गू माली, अंशु त्रिवेदी, धनिक सोलंकी, दक्षु सोलंकी, पूर्वांश, पंकज सेन एवं प्रदीप सेन ने भाग लिया।
इस अवसर पर पारसमल सिंगाड़िया, जुगलकिशोर दवे,मनोहर पालडिया, चंदाबाई, सीताबाई, शारदा, मंजुकंवर, नर्बदा कंवर सहित कॉलोनी के अनेक निवासी उपस्थित रहे। बच्चों के उत्साह और सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया।


