बगड़ी नगर (सोजत/पाली)। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मैडम मोनिका सेन के आदेशानुसार आज दिनांक 22 मई 2026 को पुलिस थाना बगड़ी नगर में महिला सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता को लेकर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित और सशक्त बनाना रहा।

डिजिटल सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबर 1090 की दी जानकारी
शिविर के दौरान उपस्थित महिलाओं को उनके मोबाइल में ‘राजकोप सिटीजन ऐप’ डाउनलोड करवाया गया और ऐप के माध्यम से संकट के समय पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090 की उपयोगिता साझा करते हुए बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में महिलाएं इस नंबर पर बेझिझक संपर्क कर सकती हैं।
इन्होंने दी विधिक एवं सामाजिक जानकारी
यह महत्वपूर्ण जानकारी महिला सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पार्वती देवी, महिला कांस्टेबल पूनम देवी और महिला कांस्टेबल भावना देवी द्वारा दी गई। वहीं, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र (पुलिस थाना बगड़ी) की विधिक परामर्शदाता दुर्गा सेन एवं सामाजिक परामर्शदाता गुणवंती पंवार ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
राजीविका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजीविका की आशा चौहान, आंगनबाड़ी केंद्र की साथिन स्नेहलता, गायत्री देवी, चम्पा देवी, प्रेम देवी और गवरी देवी सहित अनेक स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। उपस्थित महिलाओं ने पुलिस की इस डिजिटल सुरक्षा पहल की सराहना की।


