सोजत। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही सोजत को बड़ी राजनीतिक पहचान मिली है। शहर निवासी युवा भाजपा नेता राकेश पंवार को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के बाद सोजत सहित पूरे पाली जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों एवं सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसी क्रम में सोजत के युवा चेहरे राकेश पंवार को प्रदेश स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपकर संगठन ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद राकेश पंवार का जगह-जगह स्वागत और सम्मान का दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में सोजत कृषि उपज मंडी दलाल संगठन की ओर से कृषि उपज मंडी परिसर में उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडी से जुड़े व्यापारियों, दलाल संगठन पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने राकेश पंवार को माला पहनाकर, साफा बंधवाकर एवं मुंह मीठा करवाकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्वागत समारोह में कमलेश सांखला, जगदीश निकुम, महेंद्र निकुम, हरिकिशन, मिन्नालाल बोराणा, कालूराम के.डी., राजेंद्र पालरिया, शिवलाल, विकास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने राकेश पंवार की संगठनात्मक कार्यशैली, युवाओं के बीच उनकी सक्रियता तथा सामाजिक सरोकारों में उनकी भागीदारी की सराहना की,वही राकेश पंवार ने सभी का आभार प्रकट किया।


