in

पाली में कांग्रेस का तीखा हमला: ‘भाजपा के 12 साल, बर्बादी के साल’, 15 जून से देशव्यापी स्तर पर जन आंदोलन का ऐलान

पाली, 15 जून 2026। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को कांग्रेस भवन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि वर्तमान में ‘डबल इंजन की सरकार का इंजन पूरी तरह फेल’ हो चुका है। उन्होंने भाजपा के 12 वर्षों के शासन को ‘बर्बादी के वर्ष’ करार दिया।

जनता बदहाल, मूलभूत सुविधाओं का टोटा

जिलाध्यक्ष निम्बाडा ने कहा कि आज देश और प्रदेश में किसान, युवा, महिला, मजदूर और छोटे व्यापारी सभी त्रस्त हैं। पाली शहर की स्थिति बयां करते हुए उन्होंने कहा कि सीवरेज की समस्या, लड़खड़ाई जलापूर्ति और अघोषित बिजली कटौती जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जनता दयनीय स्थिति में है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह उदासीन है। उन्होंने सीईपीटी (CEPT) ट्रस्ट को भ्रष्टाचार और सिंडिकेट का बड़ा अड्डा बताया।

प्रभारी मंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर पलटवार

प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा द्वारा पाली की जनता और मीडिया को नकारात्मक बताने वाले बयान पर निम्बाडा ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से सवाल किया:

“प्रभारी मंत्री खर्रा के इस अमर्यादित वक्तव्य पर आपकी मौन स्वीकृति को क्या समझा जाए? राठौड़ का ‘बंदर के हाथ में उस्तरा’ वाला तंज आज के मौजूदा परिप्रेक्ष्य में खुद भाजपा सरकार पर ही सटीक बैठता है।”

पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ की ‘दो टूक’: जर्जर पुल से जान-माल का खतरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ ने शहर के एक जर्जर पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया लगातार इस पुल के खतरे को उजागर कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।

हिंगड़ ने आरोप लगाया कि:

यह पुल पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के समय बजट पास होने के बाद बनना था, जिसे भाजपा ने आते ही रद्द कर दिया।

हार के डर से पिछले दो वर्षों से निकाय चुनाव टाले जा रहे हैं, जिससे नगर निगम बजट के अभाव में है और विकास ठप्प पड़ा है।

भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा— “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।” प्रशासन अदालती पेचीदगियों को छोड़कर तुरंत चुनाव कराए।

महिलाओं के अपमान पर पूर्व पार्षद ओमा चौधरी का फूटा गुस्सा

पूर्व पार्षद ओमा चौधरी ने भाजपा के मंत्रियों द्वारा महिलाओं के प्रति की जा रही बयानबाजी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सीधे सवाल किया कि भाजपा नेता महिलाओं का सम्मान करना क्यों भूल गए हैं? एक मंत्री द्वारा गर्भवती महिलाओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जो महिलाओं की गरिमा का सम्मान नहीं कर सकते, उन्हें पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

15 से 30 जून तक जन आंदोलन का शंखनाद

कांग्रेस ने भाजपा सरकार की विफलताओं के खिलाफ आगामी 15 से 30 जून तक पाली जिले के सभी ब्लॉक और नगर स्तर पर उग्र जन आंदोलन चलाने का ऐलान किया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आमजन के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।

इस दौरान कांग्रेस नेता जोगाराम सोलंकी, ताराचन्द चन्दनानी, मांगूसिंह दुदावत, संजय परमार, चाँद भाई रंगरेज, अनिल सिंह निम्बाडा सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली: बाल श्रम और तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी मुहिम, कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने किया पोस्टर विमोचन