पाली, 30 जुलाई। केंद्रीय हज कमेटी, मुंबई द्वारा हज-2027 के लिए डिजिटल रैंडमाइज्ड सेलेक्शन (DRS) क़ुर्रा (लॉटरी) प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई है। इस क़ुर्रे के ज़रिए पूरे देश के साथ-साथ राजस्थान से भी हज यात्रा पर जाने वाले उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
हज प्रशिक्षक आमीन अली रंगरेज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष राजस्थान प्रदेश से कुल 5,919 तथा पाली जिले से 158 आज़मीन-ए-हज का चयन हुआ है। उन्होंने सभी चयनित हज यात्रियों को इस पाक सफर के लिए मुबारकबाद दी।
प्रथम किस्त और जमा कराने की अंतिम तिथि
आमीन अली रंगरेज ने बताया कि चयनित सभी आज़मीन-ए-हज को 10 अगस्त 2026 तक अपनी प्रथम किस्त के रूप में ₹1,52,300 प्रति यात्री जमा करवाने होंगे। यह राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) की निर्धारित शाखाओं में जमा की जा सकती है।
आवश्यक दस्तावेज़ और निर्देश
हज खिदमतगार अमजद अली जोया ने चयनित आज़मीन से अपील की है कि प्रथम किस्त जमा कराने के तुरंत बाद बैंक रसीद, मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज़ तय समय-सीमा के भीतर स्टेट हज कमेटी, राजस्थान (जयपुर) को भेजना सुनिश्चित करें। समय पर दस्तावेज़ जमा होने से हज यात्रा की आगे की सभी औपचारिकताएँ बिना किसी बाधा के पूरी की जा सकेंगी।

